शुक्रवार, 8 जनवरी 2010

तूफ़ान का असर देखा...

[पुराने पन्नों से]
यही सूरते-हाल मैंने शामो-सहर देखा,
मैंने हर शख्स में जलता हुआ शहर देखा !

कहीं तो होगा एक आफताब का टुकड़ा,
अंधेरों ने मेरी आँख में क्यों डर देखा !

मिलो बहार से तो महज़ इतना कहना,
क्यों खिजां ने प्यार से मेरा ही घर देखा !

अपनी ज़मीन पर खड़े होने का हक है तुमको,
रिश्तों ने मेरे रंग में कौन-सा कहर देखा !

एक तुम्हारे हाल पर रोने की है फुर्सत किसको,
मैंने हर शाख पर तूफ़ान का असर देखा !

सुकून खोजते क्यों हो आज की दुनिया में दोस्त,
कहाँ-कहाँ नहीं वहशत-भरा मंज़र देखा !

बेसबब क्यों उखाड़ते हो तुम गड़े मुर्दे--
फिर हया की कब्र में क्यों तुमने झाँककर देखा !!

शुक्रवार, 1 जनवरी 2010

नए वर्ष का अभिनन्दन हो...

नव-वर्षाभिनंदन !

बूँद-बूँद कर हर क्षण रीता,

काल दिवस रहा पीता ।

इसी तरह से मास-दिवस कर

सन दो हज़ार नौ बीता !!

आलोकित पथ हो जीवन का,

जन-मन में उल्लास भरे !

जीवन-उपवन में हो सुगंध,

शतदल हों सारे हरे-हरे !!

रहे चमकता उन्नत भारत,

भाल तिलक हो, चन्दन हो !

दो हज़ार दस के सूरज का,

वंदन हो, अभिनन्दन हो !!

{ब्लॉगर मित्रों को नव-वर्ष पर अमित-अमित शुभकामनाएं--आनंद वर्धन.}

सोमवार, 21 दिसंबर 2009

विनय का विस्फोट...

[कलम की जुबान से...]

आज चिंतन के क्षणों में
डूबता है एक सूरज
व्यक्ति का विक्षोभ लेकर
और अन्तर की मनोरम घाटियों में
एक स्वर ही गूंजता है
आस्था के अर्थ का विस्फोट लेकर ;
किंतु जीवन थम गया है--
अवरोध ही अवरोध अब तो शेष है ।

विषमताओं के भयंकर काल के सम्मुख
प्रणय की मत करो चर्चा
लो, समय का एक सूरज डूबता है ।
निःशब्द-सा गूंजा गगन में
एक अभिनव हास लेकर
मृत्तिका का घोर गर्जन
यवनिका अब गिर रही है ।

काल के फंदे जकड़ते जा रहे हैं
और कोई पास बैठा
क्षीण-से स्वर में पुकारे जा रहा है,
सड़कें गूंगी व्यथा दुहरा रही हैं;
खाली-खुली हथेलियों का दर्द फिर भी
कितनों को छीलता है ?

कश-म-कश की ज़िन्दगी से ऊबकर
कुछ शब्द कोरे जी लुभाना चाहते हैं :
चाकू, छुरा, पिस्तौल,
विश्वविद्यालय की तीन टांगवाली कुर्सियां--
'बंदी' के आक्रोश-भरे नारे उभर आते हैं,
ज़िन्दगी हडतालों के दोराहे पर
खड़ी होकर उसांसें लेती है;
चायघर में कुछ फिल्मी गीतों का
कुछ गालियों का
कुछ शोर-शराबे का
मिला-जुला अजीब-सा स्वर
पिघले शीशे की तरह कानों में उतर जाता है,
सिगरेट के धुंए की तरह अस्तित्व सुलग जाता है !

सच मेरे मित्र !
सारे अहसास गूंगे हो जाते हैं
जब मैं टूटती उँगलियों से
कलम को जबान देना चाहता हूँ !!

रविवार, 13 दिसंबर 2009

ये सफर मेरा गुनहगार है....

रेत ही रेत है, गर्दो-गुबार है,
आज रंजो-गम से रोती बहार है।

गुमशुदा हुए ख्वाबों की खैर हो,
तंगनज़री से ये दिल बेकरार है।

दोस्त पूछने लगे खैरियत मेरी,
मुझे मेरी खैरियत का इंतजार है।

छोड़ने को साथ साया बेसब्र हो उठा,
मेरे हमसफ़र से मेरा इतना करार है!

अंधी-तूफाँ ने कर लीं हर चंद कोशिशें,
ताक़त मगर वजूद की बेशुमार है !

तुम्हें मिल भी जाए मांगी हुई मुराद,
मेरा सफर तो मेरा ही गुनहगार है !!

शुक्रवार, 27 नवंबर 2009

बर्फीली घाटियों का क्लेश...

[ताड़-पत्र से ली गई एक और पुरानी कविता]


मैं विवश हूँ सोचने पर
मान्यताओं और आस्थाओं का ज्वार
कब और क्यों
भावनाओं के तट से टकराता है,
एक साथ कई शून्य
कब मस्तिष्क में उभर आते हैं,
अशांति के गीत गाते हैं !

जख्मों की मरहम-पट्टी कर लो
शायद ज़िन्दगी फिर से बुलाने
आ गई है,
शब्द सारे शून्य में यूँ मत उतारो
भावनाओं का महासागर खड़ा है,
एक अन्तिम अस्त्र का विश्वास क्या है ?

रात्रि की निस्तब्ध काली यातनाओं का
करो मत ज़िक्र,
मित्र मेरे मान जाओ--
वह आघात ऐसा है
जो हृदय में सीधे उतरना चाहता है,
अवरोध तुम्हारा सरल है,
यह नहीं है बूँद अमृत की
अपमान का अमृत गरल है !

लेकिन,
मैं तुम्हें कैसे बताऊँ
आज का आदमी बहुत बंधा है,
विषमताओं के भयंकर
काल के सम्मुख खड़ा है;
दृष्टियों का दोष ही अब शेष है;
पर नियति की क्रूरता का क्या ठिकाना

यह बर्फीली घाटियों का क्लेश है !!

[पूज्य बच्चनजी को उनके १०२ वें जन्म-वर्ष पर सप्रणाम--आनंद !]

गुरुवार, 19 नवंबर 2009

साहित्याकाश के शब्द-शिल्पी : बेनीपुरी

[छठी और अन्तिम किस्त]

बेनीपुरीजी से जब कुछ पूछने, जानने और सीखने की योग्यता हुई, तब उन्होंने जीवन-जगत से छुट्टी पा ली थी। पूज्य पितामह के एकमात्र चित्र की जो चर्चा मैंने पहले की है, उसका पूरा विवरण भी मैंने उंनकी इसी संस्मरणात्मक पुस्तक में पढ़ा था, फिर पिताजी से पूछ-पूछकर सम्पूर्ण इति-वृत्त जाना था। संभवतः १९२९-३० में, इलाहबाद में बेनीपुरीजी ने किस तरह मेरे कठोर सिद्धांतवादी और अपनी मान्यताओं पर दृढ़ रहनेवाले पितामह को अपने वाक्-चातुर्य से एक चित्र खिंचवाने के लिए विवश कर दिया था।
बेनीपुरीजी ने अपने दीर्घ जीवन में साहित्य और राजनीति--दोनों दिशाओं में बहुत काम किया था। वह लोकनारायण जयप्रकाश नारायण के बहुत निकट और अंतरग रहे। उन्होंने हिन्दी गद्य को नए आयाम दिए, नई ऊँचाइयाँ दीं। अनेक पत्र-पत्रिकाओं का सम्पादन प्रकाशन किया, जिनमें 'बालक', 'युवक', 'जनता' और 'योगी' बहुचर्चित पत्रिकाएं रहीं। अपने हिंदीसेवी मित्र गंगाशरण सिंह के साथ मिलकर उन्होंने 'युवक' का सम्पादन किया था और माखनलाल चतुर्वेदी के आग्रह पर दैनिक पत्र 'कर्मवीर' से भी जुड़े थे। उनके ललित निबंध ऐसे थे कि उन्हें हिन्दी साहित्याकाश का चितेरा शैलीकार कहा गया। उन्हें भाषा पर असाधारण अधिकार था। वह शब्दों की पहचान रखनेवाले अनूठे शिल्पी थे।
मेरे पिताजी से उनकी युवावस्था की मित्रता थी। उम्र में बेनीपुरीजी ५ वर्ष बड़े थे, लेकिन मित्रता 'तुम-ताम' की थी। सन १९३४ में मेरे पितामह की मृत्यु के बाद पिताजी आजन्म-सेवित इलाहाबाद छोड़कर पटना आ बसे थे। सन १९३९ में पिताजी ने अज्ञेयजी के साथ मिलकर 'आरती' मासिक का सम्पादन-प्रकाशन किया था। 'आरती' के बारे में प्रसिद्ध कवि मोहनलाल महतो 'वियोगी' जी ने सन १९४० के एक पत्र में पिताजी को लिखा था--''भाई ! 'आरती' आयी। प्रकाशमान है। एक 'युवक' था, जिससे बड़ी उम्मीदें थीं, वह असमय ही काल-कवलित हो गया ! जैसी हरि-इच्छा ! बेटा न सही, बेटी ही सही। बिटिया 'आरती' ही घर को बेचिराग होने से बचावे !... और तुम--क्या मैं भूल गया हूँ तुम्हें ? इस जन्म में तो गंगा, मुक्त और बेनीपुरी--त्रिदेवों को भूल नहीं सकता, पर-जन्म की राम जाने !''
वक्त का कितना लंबा और बड़ा टुकड़ा हाथ से फिसल गया है, मौसम ने कितनी बार और कैसे-कैसे रंग बदले है कि अब बहुत पीछे तक साफ-साफ़ दीखता भी नहीं। लेकिन इतना तय है कि आज वे सारे मित्र देवलोक में निवास करते हैं, वे वहाँ भी मिलकर किसी नई कार्य-योजना में ही लगे होंगे। कौन जानता है, वे सभी कब अपना समय वहाँ पूरा करके पुनः भारत-भूमि का स्पर्श करेंगे और देश के वन्दन में सम्मिलित स्वर में गायेंगे... । जब ऐसा होगा, तब मैं जाने कहाँ होउंगा ! लेकिन मन में कामना जागती है.... और चाहता हूँ कि वे सभी जब भारत और भारती के वंदन में, समवेत स्वर में गायें, मैं भी वहीँ कहीं आसपास होऊं....!!

बुधवार, 18 नवंबर 2009

साहित्याकाश के शब्द-शिल्पी : बेनीपुरी

[पांचवीं किस्त]

दिन एक-सा नहीं रहता, मौसम एक-सा नहीं रहता; वह रंग बदलता रहता है। वे बौराए दिन भी बीत गए। सन १९६५ में मेरी माताजी विद्यालय निरीक्षिका के पद पर नियुक्त होकर हम बच्चों के साथ रांची चली गईं । आकाशवाणी की सेवा से बंधे पिताजी पटना में ही रहे। श्रीकृष्ण नगर में तिनका-तिनका जोड़कर जो नीड़ बना था, वह बिखर गया। मनन-रतन और छोटन--मेरे मित्र मुझसे बिछड़ गए--नशेमन उजड़ गया। बेनीपुरीजी भी पटना में अधिक समय तक नहीं रह पाते थे। वह कभी मुजफ्फरपुर तो कभी बेनीपुर चले जाते थे। सन १९६८ में एक दिन अचानक उनके देहावसान का दुखद समाचार हमें अखबारों से मिला। अपने समय में देश की तरुणाई को आवाज़ देनेवाला, शीतल छाया प्रदान करनेवाला विशाल बरगद धराशायी हो गया था....
राँची में दो साल कार्यरत रहने के बाद घर के समीप आने की लालसा से मेरी माताजी ने स्थानान्तरण की मांग की थी। उन्हें सोनपुर (पटना की गंगा के पार का एक शहर) स्थानांतरित कर दिया गया। वहां कुछ महीने ही बीते होंगे कि सन १९६८ के अन्तिम महीने में हृदयाघात से अचानक माताजी का भी निधन हो गया। माता के लोकान्तरण से आहात पूरा परिवार एक बार फिर पटना में एकत्रित हुआ; लेकिन मातृ-विहीन बच्चों को लेकर पिताजी श्रीकृष्ण नगर में न रह सके और पटनासिटी में मेरी ननिहाल में रहने लगे। तब मैं ग्यारहवीं कक्षा का छात्र था। मेरी अधकचरी कविताई तो आठवीं कक्षा से ही शुरू हो गई थी, लेकिन ग्यारहवीं तक आते-आते रुचियाँ परिष्कृत होने लगी थीं। युवा होते आम पर बौर आने लगे थे....
बाद के दिनों में मैंने बेनीपुरी साहित्य पढ़ा। उन पर लिखा पिताजी का संस्मरण पढ़ा। लेकिन बेनीपुरीजी के संस्मरणों का संग्रह (वे दिन...) पढ़कर मैं अवसन्न रह गया। कैसे संघर्षों के तपते रेगिस्तान को उन्होंने अपनी छाती के बल रेंगकर पार किया था ! अपनी माताजी के निधन का जो रोंगटे खड़े कर देनेवाला वृत्तान्त बेनीपुरीजी ने शब्दों में बांधा है, उसे पढ़कर मैं अन्दर तक हिल गया था। मैंने भी मातृ-वियोग का आघात ताज़ा-ताज़ा सहा था, आहत था, मर्म-विद्ध था। ऐसे में बेनीपुरीजी का वह दस्तावेज़ मेरे कलेजे की हड्डियाँ मरोड़ता था !.... रूढ़िवादी मान्यताओं और लोकाचारों की दुहाई देकर उनकी माता के शव-दाह के पूर्व किए गए अमानवीय कृत्यों का मार्मिक वृत्तान्त तो पाषाण को भी पिघला देनेवाला था। सच कहूँ तो बेनीपुरीजी की मातृ-विछोह की पीड़ा के सम्मुख मुझे मेरी पीड़ा छोटी जान पड़ी थी। और शोक-शमन के लिए वह मेरा संबल भी बनी थी कभी.... उस दस्तावेज़ को मैंने उन दिनों बार-बार पढ़ा था और मेरी आँखें बार-बार भर आती थीं। अंपनी बाल्य-काल की शैतानियों को याद करके मेरा मन क्षोभ से भर उठता था... और एक पश्चाताप मेरी अंतरात्मा पर छा जाता था दीर्घ-काल के लिए....
[क्रमशः]