सोमवार, 21 दिसंबर 2009

विनय का विस्फोट...

[कलम की जुबान से...]

आज चिंतन के क्षणों में
डूबता है एक सूरज
व्यक्ति का विक्षोभ लेकर
और अन्तर की मनोरम घाटियों में
एक स्वर ही गूंजता है
आस्था के अर्थ का विस्फोट लेकर ;
किंतु जीवन थम गया है--
अवरोध ही अवरोध अब तो शेष है ।

विषमताओं के भयंकर काल के सम्मुख
प्रणय की मत करो चर्चा
लो, समय का एक सूरज डूबता है ।
निःशब्द-सा गूंजा गगन में
एक अभिनव हास लेकर
मृत्तिका का घोर गर्जन
यवनिका अब गिर रही है ।

काल के फंदे जकड़ते जा रहे हैं
और कोई पास बैठा
क्षीण-से स्वर में पुकारे जा रहा है,
सड़कें गूंगी व्यथा दुहरा रही हैं;
खाली-खुली हथेलियों का दर्द फिर भी
कितनों को छीलता है ?

कश-म-कश की ज़िन्दगी से ऊबकर
कुछ शब्द कोरे जी लुभाना चाहते हैं :
चाकू, छुरा, पिस्तौल,
विश्वविद्यालय की तीन टांगवाली कुर्सियां--
'बंदी' के आक्रोश-भरे नारे उभर आते हैं,
ज़िन्दगी हडतालों के दोराहे पर
खड़ी होकर उसांसें लेती है;
चायघर में कुछ फिल्मी गीतों का
कुछ गालियों का
कुछ शोर-शराबे का
मिला-जुला अजीब-सा स्वर
पिघले शीशे की तरह कानों में उतर जाता है,
सिगरेट के धुंए की तरह अस्तित्व सुलग जाता है !

सच मेरे मित्र !
सारे अहसास गूंगे हो जाते हैं
जब मैं टूटती उँगलियों से
कलम को जबान देना चाहता हूँ !!

रविवार, 13 दिसंबर 2009

ये सफर मेरा गुनहगार है....

रेत ही रेत है, गर्दो-गुबार है,
आज रंजो-गम से रोती बहार है।

गुमशुदा हुए ख्वाबों की खैर हो,
तंगनज़री से ये दिल बेकरार है।

दोस्त पूछने लगे खैरियत मेरी,
मुझे मेरी खैरियत का इंतजार है।

छोड़ने को साथ साया बेसब्र हो उठा,
मेरे हमसफ़र से मेरा इतना करार है!

अंधी-तूफाँ ने कर लीं हर चंद कोशिशें,
ताक़त मगर वजूद की बेशुमार है !

तुम्हें मिल भी जाए मांगी हुई मुराद,
मेरा सफर तो मेरा ही गुनहगार है !!

शुक्रवार, 27 नवंबर 2009

बर्फीली घाटियों का क्लेश...

[ताड़-पत्र से ली गई एक और पुरानी कविता]


मैं विवश हूँ सोचने पर
मान्यताओं और आस्थाओं का ज्वार
कब और क्यों
भावनाओं के तट से टकराता है,
एक साथ कई शून्य
कब मस्तिष्क में उभर आते हैं,
अशांति के गीत गाते हैं !

जख्मों की मरहम-पट्टी कर लो
शायद ज़िन्दगी फिर से बुलाने
आ गई है,
शब्द सारे शून्य में यूँ मत उतारो
भावनाओं का महासागर खड़ा है,
एक अन्तिम अस्त्र का विश्वास क्या है ?

रात्रि की निस्तब्ध काली यातनाओं का
करो मत ज़िक्र,
मित्र मेरे मान जाओ--
वह आघात ऐसा है
जो हृदय में सीधे उतरना चाहता है,
अवरोध तुम्हारा सरल है,
यह नहीं है बूँद अमृत की
अपमान का अमृत गरल है !

लेकिन,
मैं तुम्हें कैसे बताऊँ
आज का आदमी बहुत बंधा है,
विषमताओं के भयंकर
काल के सम्मुख खड़ा है;
दृष्टियों का दोष ही अब शेष है;
पर नियति की क्रूरता का क्या ठिकाना

यह बर्फीली घाटियों का क्लेश है !!

[पूज्य बच्चनजी को उनके १०२ वें जन्म-वर्ष पर सप्रणाम--आनंद !]

गुरुवार, 19 नवंबर 2009

साहित्याकाश के शब्द-शिल्पी : बेनीपुरी

[छठी और अन्तिम किस्त]

बेनीपुरीजी से जब कुछ पूछने, जानने और सीखने की योग्यता हुई, तब उन्होंने जीवन-जगत से छुट्टी पा ली थी। पूज्य पितामह के एकमात्र चित्र की जो चर्चा मैंने पहले की है, उसका पूरा विवरण भी मैंने उंनकी इसी संस्मरणात्मक पुस्तक में पढ़ा था, फिर पिताजी से पूछ-पूछकर सम्पूर्ण इति-वृत्त जाना था। संभवतः १९२९-३० में, इलाहबाद में बेनीपुरीजी ने किस तरह मेरे कठोर सिद्धांतवादी और अपनी मान्यताओं पर दृढ़ रहनेवाले पितामह को अपने वाक्-चातुर्य से एक चित्र खिंचवाने के लिए विवश कर दिया था।
बेनीपुरीजी ने अपने दीर्घ जीवन में साहित्य और राजनीति--दोनों दिशाओं में बहुत काम किया था। वह लोकनारायण जयप्रकाश नारायण के बहुत निकट और अंतरग रहे। उन्होंने हिन्दी गद्य को नए आयाम दिए, नई ऊँचाइयाँ दीं। अनेक पत्र-पत्रिकाओं का सम्पादन प्रकाशन किया, जिनमें 'बालक', 'युवक', 'जनता' और 'योगी' बहुचर्चित पत्रिकाएं रहीं। अपने हिंदीसेवी मित्र गंगाशरण सिंह के साथ मिलकर उन्होंने 'युवक' का सम्पादन किया था और माखनलाल चतुर्वेदी के आग्रह पर दैनिक पत्र 'कर्मवीर' से भी जुड़े थे। उनके ललित निबंध ऐसे थे कि उन्हें हिन्दी साहित्याकाश का चितेरा शैलीकार कहा गया। उन्हें भाषा पर असाधारण अधिकार था। वह शब्दों की पहचान रखनेवाले अनूठे शिल्पी थे।
मेरे पिताजी से उनकी युवावस्था की मित्रता थी। उम्र में बेनीपुरीजी ५ वर्ष बड़े थे, लेकिन मित्रता 'तुम-ताम' की थी। सन १९३४ में मेरे पितामह की मृत्यु के बाद पिताजी आजन्म-सेवित इलाहाबाद छोड़कर पटना आ बसे थे। सन १९३९ में पिताजी ने अज्ञेयजी के साथ मिलकर 'आरती' मासिक का सम्पादन-प्रकाशन किया था। 'आरती' के बारे में प्रसिद्ध कवि मोहनलाल महतो 'वियोगी' जी ने सन १९४० के एक पत्र में पिताजी को लिखा था--''भाई ! 'आरती' आयी। प्रकाशमान है। एक 'युवक' था, जिससे बड़ी उम्मीदें थीं, वह असमय ही काल-कवलित हो गया ! जैसी हरि-इच्छा ! बेटा न सही, बेटी ही सही। बिटिया 'आरती' ही घर को बेचिराग होने से बचावे !... और तुम--क्या मैं भूल गया हूँ तुम्हें ? इस जन्म में तो गंगा, मुक्त और बेनीपुरी--त्रिदेवों को भूल नहीं सकता, पर-जन्म की राम जाने !''
वक्त का कितना लंबा और बड़ा टुकड़ा हाथ से फिसल गया है, मौसम ने कितनी बार और कैसे-कैसे रंग बदले है कि अब बहुत पीछे तक साफ-साफ़ दीखता भी नहीं। लेकिन इतना तय है कि आज वे सारे मित्र देवलोक में निवास करते हैं, वे वहाँ भी मिलकर किसी नई कार्य-योजना में ही लगे होंगे। कौन जानता है, वे सभी कब अपना समय वहाँ पूरा करके पुनः भारत-भूमि का स्पर्श करेंगे और देश के वन्दन में सम्मिलित स्वर में गायेंगे... । जब ऐसा होगा, तब मैं जाने कहाँ होउंगा ! लेकिन मन में कामना जागती है.... और चाहता हूँ कि वे सभी जब भारत और भारती के वंदन में, समवेत स्वर में गायें, मैं भी वहीँ कहीं आसपास होऊं....!!

बुधवार, 18 नवंबर 2009

साहित्याकाश के शब्द-शिल्पी : बेनीपुरी

[पांचवीं किस्त]

दिन एक-सा नहीं रहता, मौसम एक-सा नहीं रहता; वह रंग बदलता रहता है। वे बौराए दिन भी बीत गए। सन १९६५ में मेरी माताजी विद्यालय निरीक्षिका के पद पर नियुक्त होकर हम बच्चों के साथ रांची चली गईं । आकाशवाणी की सेवा से बंधे पिताजी पटना में ही रहे। श्रीकृष्ण नगर में तिनका-तिनका जोड़कर जो नीड़ बना था, वह बिखर गया। मनन-रतन और छोटन--मेरे मित्र मुझसे बिछड़ गए--नशेमन उजड़ गया। बेनीपुरीजी भी पटना में अधिक समय तक नहीं रह पाते थे। वह कभी मुजफ्फरपुर तो कभी बेनीपुर चले जाते थे। सन १९६८ में एक दिन अचानक उनके देहावसान का दुखद समाचार हमें अखबारों से मिला। अपने समय में देश की तरुणाई को आवाज़ देनेवाला, शीतल छाया प्रदान करनेवाला विशाल बरगद धराशायी हो गया था....
राँची में दो साल कार्यरत रहने के बाद घर के समीप आने की लालसा से मेरी माताजी ने स्थानान्तरण की मांग की थी। उन्हें सोनपुर (पटना की गंगा के पार का एक शहर) स्थानांतरित कर दिया गया। वहां कुछ महीने ही बीते होंगे कि सन १९६८ के अन्तिम महीने में हृदयाघात से अचानक माताजी का भी निधन हो गया। माता के लोकान्तरण से आहात पूरा परिवार एक बार फिर पटना में एकत्रित हुआ; लेकिन मातृ-विहीन बच्चों को लेकर पिताजी श्रीकृष्ण नगर में न रह सके और पटनासिटी में मेरी ननिहाल में रहने लगे। तब मैं ग्यारहवीं कक्षा का छात्र था। मेरी अधकचरी कविताई तो आठवीं कक्षा से ही शुरू हो गई थी, लेकिन ग्यारहवीं तक आते-आते रुचियाँ परिष्कृत होने लगी थीं। युवा होते आम पर बौर आने लगे थे....
बाद के दिनों में मैंने बेनीपुरी साहित्य पढ़ा। उन पर लिखा पिताजी का संस्मरण पढ़ा। लेकिन बेनीपुरीजी के संस्मरणों का संग्रह (वे दिन...) पढ़कर मैं अवसन्न रह गया। कैसे संघर्षों के तपते रेगिस्तान को उन्होंने अपनी छाती के बल रेंगकर पार किया था ! अपनी माताजी के निधन का जो रोंगटे खड़े कर देनेवाला वृत्तान्त बेनीपुरीजी ने शब्दों में बांधा है, उसे पढ़कर मैं अन्दर तक हिल गया था। मैंने भी मातृ-वियोग का आघात ताज़ा-ताज़ा सहा था, आहत था, मर्म-विद्ध था। ऐसे में बेनीपुरीजी का वह दस्तावेज़ मेरे कलेजे की हड्डियाँ मरोड़ता था !.... रूढ़िवादी मान्यताओं और लोकाचारों की दुहाई देकर उनकी माता के शव-दाह के पूर्व किए गए अमानवीय कृत्यों का मार्मिक वृत्तान्त तो पाषाण को भी पिघला देनेवाला था। सच कहूँ तो बेनीपुरीजी की मातृ-विछोह की पीड़ा के सम्मुख मुझे मेरी पीड़ा छोटी जान पड़ी थी। और शोक-शमन के लिए वह मेरा संबल भी बनी थी कभी.... उस दस्तावेज़ को मैंने उन दिनों बार-बार पढ़ा था और मेरी आँखें बार-बार भर आती थीं। अंपनी बाल्य-काल की शैतानियों को याद करके मेरा मन क्षोभ से भर उठता था... और एक पश्चाताप मेरी अंतरात्मा पर छा जाता था दीर्घ-काल के लिए....
[क्रमशः]

मंगलवार, 17 नवंबर 2009

साहित्याकाश के शब्द-शिल्पी : बेनीपुरी

[चौथी किस्त]

सन १९६६ तक श्रीकृष्ण नगर में हमारा रहना हुआ और बेनीपुरीजी के परिवार से मेरी निकटता बढती गई। भाभी बहुत स्नेही, मुखर और सुदर्शना थीं। घर-भर को साफ़-सुथरा और व्यवस्थित रखना पसंद था उन्हें; लेकिन पुस्तकें और पत्र-पत्रिकाएं तो साहित्यकार के घर का भूषण होती हैं और जाने क्यों उन्हें अव्यवस्थित रहना ही प्रिय होता है; उनकी व्यवस्था में मेरी माता अपने घर में और भाभी बेनीपुरीजी के घर में परेशानहाल रहती थीं। दोनों घरों में कागज़-पत्तरों, पत्र-पत्रिकाओं और पुस्तकों के अंबार को लेकर महीने-दो महीने में एक बार तो अवश्य ही विवाद हो जाता था; जिसे देखकर उस कच्ची उम्र में मुझे न मालूम क्यों बड़ा मज़ा आता था। आए दिन दोनों घरों की दहलीज़ पर रद्दीवाला आ बैठता और उसकी तौल पर निगाह रखने के लिए मुझे नियुक्त किया जाता। एक बार तो रद्दी के साथ बेनीपुरीजी की किसी पाण्डुलिपि का थोड़ा-सा अंश भी कांटे पर चढ़ गया था, जिसकी मैंने रक्षा की थी। बेनीपुरीजी ने उस दिन मेरी प्रशंसा की थी और घरवालों को डांट पिलाई थी। उन्होंने कहा था--''आनंद लेखक का बेटा है, रद्दी और महत्त्व के लेखन का फर्क न जानेगा ? पता नहीं कैसे तुम्हीं लोग ये अन्तर नहीं समझ पाते... ।'' मैं गर्वोन्नत हुआ उनके पूरे घर में पदाघात करता रहा उस दिन देर तक...
दोनों घरों का एक-सा हाल था। साहित्यिकों-मुलाकातियों की आवभगत में चाय की केतली चूल्हे पर ही चढ़ी रहती थी। वह युग 'प्लास्टिक पैक तैयार नाश्ते' का युग नहीं था। विशिष्ट अतिथियों के जलपान के लिए घर में ही सारी तैयारी की जाती थी। बेनीपुरीजी के घर में मेरी कई ऐसी शामें भी गुजरीं, जब अतिथियों के लिए तैयार किया गया नाश्ता हम बच्चों को भी दिया गया। उनके घर के चूरा-मटर का स्वाद आज ४४-४५ वर्षों बाद भी मेरी जिह्वा भूल नहीं सकी है। मनन-रतन से मिलने मैं जब भी उनके घर जाता, बेनीपुरीजी ज्यादातर मुझे तीन मुद्राओं में ही दीखते--कुछ लिखते हुए, कुछ पढ़ते हुए और अधलेटे-सोये हुए।
एक शाम अजीब वाकया हुआ। हम उत्साही किशोरों की टोली बेनीपुरीजी के घर के सामनेवाले मैदान में क्रिकेट के लिए एकत्रित हुई। बल्ला-विकेट, गेंद-दस्ताना मनन-रतन के घर में था। उसे लाने के लिए मनन के साथ मैं भी उसके घर गया। सारा सामान तो बाहरवाले कमरे में ही मिल गया, लेकिन गेंद उस कमरे में थी जिसमे बेनीपुरीजी थे। मनन कमरे की चौखट पर पहुंचकर ठिठक गए, इशारे से मुझे पास बुलाया और बहुत धीमी आवाज़ में बोले--''सामनेवाली अलमारी में गेंद है। तुम उसे ले आओ। बाबा मुझे देख लेंगे तो कोई-न-कोई काम बता देंगे।'' मैंने दबे पाँव बेनीपुरीजी के कमरे में प्रवेश किया और बिना उनकी तरफ़ देखे आलमारी तक पहुँच गया। आलमारी बेनीपुरीजी के सिरहाने थी। गेंद उठाकर जब मैं लौटने को तत्पर हुआ, तो उनपर दृष्टि पड़ी। वह बाएं करवट ऊँची तकिया पर लेटे थे। कमरे की खिडकियों पर परदा पड़ा था, फिर भी कमरे में मद्धम प्रकाश था और उनके खर्राटों की धीमी आवाज़ गूँज रही थी। मैं दो कदम आगे बढ़ा ही था कि बेनीपुरीजी की ओर एक बार फिर दृष्टिपात करके आश्चर्य से अवाक् रह गया ! उनके दायें हाथ में कलम थी और बिस्तर पर पड़े पैड पर वह कुछ लिखते-से दिखे। मैं हतप्रभ था। गहरी नींद में खर्राटे भरता कोई व्यक्ति भला लिख कैसे सकता है ! यह तो असंभव है। मैंने अपनी पलकें झपका कर सुनिश्चित किया कि मैं जो देख रहा हूँ, वह स्वप्न नहीं, सत्य है। हाँ, वह मेरी आंखों का देखा अपूर्व सत्य था। मन में आया कि उनके समीप जाकर देखूं कि वह क्या लिख रहे हैं; लेकिन मेरा सहमा हुआ किशोर मन इतना सहस नहीं जुटा सका। मैं कमरे से बाहर निकल आया। मैंने मनन को यह बात बताई तो वह बोला--''अरे, बाबा तो दिन-रात लिखते ही रहते हैं... ।'' उसके लिए यह वाकया कुछ खास, कुछ नया नहीं था। लेकिन मेरे मन पर बेनीपुरीजी की निद्रानिमग्नावस्था में लेखन करती अद्भुत मुद्रा यथावत अंकित है। मैं भूल नहीं पाता उस असंभव का बेनीपुरीजी के हाथो सम्भव होना।
हिन्दी-साहित्य-मन्दिर का वह पुजारी जो जीवन-भर 'भारती' की पूजा-अर्चना में भासमान दीपक जलाता रहा, वह आज असहाय, लाचार, अशक्त, निरुपाय और हतचेत होकर भी इसी चेष्टा में निमग्न है। वह आज शय्याबद्ध होकर भी साहित्य-मन्दिर के द्वार पर पूजन के लिए उपस्थित है.... ।
[क्रमशः]

सोमवार, 16 नवंबर 2009

साहित्याकाश के शब्द-शिल्पी : बेनीपुरी

[तीसरी किस्त]

पटना के श्रीकृष्ण नगर के २३ संख्यक मकान में हमारा निवास था और बेनीपुरीजी का भरा-पूरा परिवार १०८ संख्यक मकान में रहता था। इन दोनों संख्याओं के बीच की दूरी चाहे जितनी हो, मेरे और उनके घर का फासला महज डेढ़ बांस का था। बेनीपुरीजी के पौत्रों की मित्रता के कारण उनके घर में मेरा नित्य का आना-जाना था। सबसे बड़े भाई लालन बेनीपुरी उन दिनों कालेज में पढ़ते थे और यदा-कदा हमारे क्रिकेट के खेल में शरीक हो जाते थे। मनन-रतन हमउम्र थे, छोटन थोड़े छोटे; किंतु इन तीनों भाइयों से मेरा मित्रवत व्यवहार था। कंचे से लेकर क्रिकेट तक जितने खेल हो सकते हैं, सबों में हम समान रूप से सम्मिलित होते थे। कतिपय देसी खेलों में भी उनका साथ-संग होता; जैसे--डोलापाती, कबड्डी, चोर-सिपाही, आइस-बाईस, लाली, बम्पास्तिक और दौड़ की स्पर्धा ! इन खेलों का मैदान बेनीपुरीजी के घर के सामने ही था। हमारे कई खेल वह अपने घर के अहाते में बैठकर चुपचाप देखते रहते थे।
बेनीपुरीजी के बारे में जिस रात मुझे पिताजी ने समझाया था, उसके दूसरे दिन जब मैं स्कूल से लौटा, तो घर में पुस्तकों-कापियों का बैग पटककर मैं पुनः बाहर जाने लगा। माताजी ने पीछे से आवाज़ दी--''खेलने जा रहे हो क्या ? कुछ खाकर तो जाओ।'' 'अभी आया' कहता हुआ मैं सीधे बेनीपुरीजी के घर गया। वहां तो मेरा निर्बाध प्रवेश था। मैं बेनीपुरीजी के कमरे में जा पहुँचा। वह पलंग पर अधलेटे थे। मैंने चरण-स्पर्श कर प्रणाम निवेदित किया, जैसे मैं अपने अपराधों की क्षमा-याचना कर रहा होऊं । बेनीपुरीजी ने इतना-भर पूछा--'कौन ?'
'आनंद' कहता हुआ मैं कमरे से बाहर आया और बेनीपुरीजी के एकमात्र (संभवतः) सुपुत्र देवेन्द्र बेनीपुरीजी के पास पहुँच गया और बोला--''बाबूजी ने कहा है कि आप मेरे बड़े भाई हैं, आज से मैं आपको 'भइया' कहूँगा।'' देवेन्द्र भइया को श्रवण-कष्ट था। मुझे लगा, उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी; लिहाज़ा मैं तीर की तरह उनकी पत्नी और मनन-रतन की मम्मी जी के पास पहुँचा और बोला, जैसे घोषणा कर रहा होऊं--''आज से मैं आपको 'भाभी' कहूँगा। बाबूजी ने कल ही बताया है कि आप मेरी भाभी लगेंगी। '' अचानक मेरा यह प्रलाप सुनकर भाभी क्षण-भर को संभ्रम में ठिठकी रहीं; किंतु शीघ्र ही अभिप्राय समझकर बोलीं--''चाचाजी ने ठीक ही बताया है तुम्हें। तुम्हीं तो 'अंकल-आंटी' कहते रहे हो।'' उनके घर से बाहर आकर मैंने मनन-रतन-छोटन के बीच भी उच्च स्वर में घोषणा की--''याद रखना, मैं तुम्हारा चाचा हूँ।'' मेरे तीनों मित्र पलकें झपकाते रहे, और मैं गर्व-स्फीत हुआ शाम का नाश्ता करने कि लिए अपने घर कि ओर चल पड़ा...
[क्रमशः]