बुधवार, 28 अक्टूबर 2009

कोफ्त

[लघु-कथा]

जाने क्यों सारी ट्रेनें विलंब से आ रही थीं। प्लेटफार्म पर बहुत भीड़ थी। आने-जानेवाले लोग, स्वागत करने आए परिजन, कुली, भिखमंगे ! अपनी छोटी बेटी के साथ वह भी प्लेटफार्म पर खड़ा-टहलता थक गया था, लेकिन कुर्सी कहीं खाली न थी। और ट्रेन थी कि आने का नाम न लेती थी।
बड़े-से रिफ्रेशमेंट रूम के बाहर कतार-बद्ध लोहे कि कुर्सियों को वह हसरत-भरी नज़रों से देख रहा था। कहीं तिल रखने को जगह नहीं थी। लम्बी प्रतीक्षा के बाद दो कुर्सियां खाली हुईं, झपटकर वह अपनी बिटिया के साथ उन पर बैठ गया और राहत कि साँस ली। सोचा, अब जब गाड़ी आए... यहीं विश्राम होगा। कुसियों पर विराजमान सभी लोगों का यही मनोभाव था। कुर्सी पर रूमाल रखकर वह बगल कि दूकान तक गया और बेटी के लिए कोल्ड ड्रिंक की एक बोतल खरीद लाया और फिर कुर्सी पर पसर गया।
तभी मलिनवसना एक युवती रिफ्रेशमेंट रूम के सामने आ खड़ी हुई। उसके हाथ में भोज्य-सामग्री थी, जिसे उसने यात्रा-तत्र बिखरे जूठन से उठा लिया था। वातानुकूलित रिफ्रेशमेंट रूम के द्वार पर वह ठहर गई और भिक्षा की याचना करने लगी। किसी ने उसकी पुकार नहीं सुनी। अचानक वह चिल्ला-चिल्ला कर आवाजें लगाने लगी। उसका शोर सुनकर रिफ्रेशमेंट रूम के दो कार्यकर्ता बाहर आए और उस अभागन को बलात वहां से हटाने लगे। खींचतान में उसके हाथ से नाममात्र का भोजन भी जमीन पर गिरकर बिखर गया।
युवती ने आग्नेय नेत्रों से दोनों युवकों को देखा और क्रोध में भरकर उनका मुंह नोच लेने को आगे बढ़ी। एक युवक ने बचाव में युवती का हाथ उमेठ दिया और दूसरे ने आवेश में उसके गाल पर कई थप्पड़ जड़ दिए। थप्पडों की चोट से आहत युवती ज़मीन पर गिर पड़ी। क्रोधावेश में उसने अपने सारे कपड़े फाड़ दिए और जोर-जोर से चिल्लाते हुए फर्श पर उलटने-पलटने लगी।
कुर्सियों पर बैठे लोग ये सारा तमाशा देखते रहे, कोई अपनी जगह से हिला भी नहीं। किसी ने उस असहाय की चिंता नहीं की। सभी अपनी-अपनी कुर्सी की चिंता में सन्नद्ध थे।
तभी बिटिया के शब्द उसके कानों में पड़े--''पापा ! यह नंगू-पंगु क्यों हो गई ?'' अब उसके लिए वहां बैठे रहना असंभव हो गया था, बोला--''पागल है बेटा !''
इतना कहकर वह बेटी का हाथ थामे दूसरी दिशा में चल पड़ा...
थोडी देर इधर-उधर भटकने के बाद वह यह सोचकर दुखी हो रहा था कि अब जाने कितनी देर और खड़ा रहना पड़ेगा। कुर्सी का मोह छूटता न था। थोडी दूर जाकर वह पलटा और हसरत भरी नज़रों से अपनी छोड़ी हुई कुर्सियां देखकर आश्चर्य से अवाक रह गया। किसी ने अपनी कुर्सी न छोड़ी थी। उसकी दो कुर्सियों पर भी दो शोहदे जमकर बैठ गए थे और दबी नज़रों से रह-रहकर नग्न युवती कि कलाबाजियां देख रहे थे।
अब उसे अपनी नादानी पर कोफ्त होने लगी थी ....

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2009

एक दीप प्रज्ज्वलित रखा है...


तुम उस डाली के फूल
जिसके नीचे बैठ कभी--
मैंने अपनी थकन मिटाई
और कभी छाती में अपनी
शुद्ध, सुगन्धित, हिम-शीतल-सी
वायु भरी थी,
जाने विधि की क्या इच्छा थी
औचक क्यों टूटी वह डाली,
अभी हरी थी !

आज इसी चिंतन-क्षण में--
मैं देख रहा हूँ
विगत और आगत पथ को
जो धूल उडाता चला जा रहा
काल-चक्र के उस रथ को !

जान रहा हूँ, शोक व्यर्थ है
फिर भी मन के सूने आँगन में,
छिपा मोह के महापाश को;
स्मृति-तर्पण-सा लगता मुझको--
द्वार तुम्हारे आकर फिर-से दस्तक देना,
जाने क्योंकर ठिठक रहे हैं
मेरे आकुल चरण चपल !
मन के झंझावातों से विह्वल,
क्या शेष रहेगा यह शतदल ?

जीवन की गति निर्झर-सी है,
जो बीत गई, वह विगत कथा थी,
और अभी आगत क्षण का
स्वागत हो, मंगल-गान, घोष हो--
ऐसी ही तो प्राचीन प्रथा थी !!

मन के जिस कोने में मैंने
एक दीप प्रज्ज्वलित रखा है
आलोक उसी से लेकर मैं तो
चलता हूँ जीवन-पथ पर;
उसके प्रकाश से जगमग है
सृष्टि समग्र, यह मेरा घर !!!

विज्ञ वही है,
जो विनाश के कठिन क्षणों में,
आधी अपनी सम्पदा बचा ले,
सब अनीति सहकर, अन्तर में--
आलोक भरा एक दीप जला ले !

ध्यान रहे,
उदात्तता और आदर्शों की
जो थाती हमको सहज मिली है,
उसका क्षरण न हो पाए ।
आधार और संस्कार को कभी
ठेस नहीं लगने पाये !!

शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2009

नवजीवन आया ...





[ऋतज के पहले जन्म-दिन पर]


तुम आए, नवजीवन आया !
मेरे इस सूने जीवन में, हास-हुलास समाया !
तुम आए, नवजीवन आया !!

दीपमालिका सजी हुई थी,
पलकें सबकी बिछी हुई थीं,
पूजा की थाली में द्रुम-दल ,
रोली-कुमकुम, अक्षत-चंदन,
ग्रीवा नत, सिर झुका हुआ था,
पूजन फिर भी रुका हुआ था !
आतुर प्राण लिए हम आकुल,
आ जाने को तुम भी व्याकुल;
आने में तुमने देर बहुत की--
थी प्रभु की ऐसी ही माया !
तुम आए, नवजीवन आया !!

दूर देश दक्षिण के वन में,
हुलसित हुआ हृदय कानन में,
कुसुमादपि कोमल एक वृंत पर
दूर्वा-दल के बीच खिला फिर--
प्रीति-पराग सुवासित फूल !
हुआ सचेतन तन-मन सबका,
जनक-जननि भी अपनी पीड़ा गए भूल !
विधि को भाग्य बदलना आया !
तुम आए, नवजीवन आया !!

दूरभाष के लंबे-पतले तार पकड़कर,
आए-गए बहुत संवाद
अमित बधाई हम सब को,
तुमको आशीर्वाद !
नाना-नानी, मौसी-चाचा,
सब कहते तू मेरा राजा;
लेकिन तुझको श्रांत-क्लांत--
माता का ही आँचल भाता ।
रहा विहँसता नभ में चन्दा
और यहाँ तेरी मुख-मुद्रा--
देख हमारे हृदय-कमल में
आनंद अमित, उल्लास समाया !
तुम आए, नवजीवन आया !!

रात-रात भर नानी करतीं
बहुत-बहुत-सा प्यार,
दूरभाष पर मौसी देतीं
मीठी-सी पुचकार !
मौसीजी ने छूकर तेरे
कोमल-कोमल गाल,
आनंदित हो चूम लिया है
तेरा उन्नत भाल !
चित्र तुम्हारे ले चाचाजी
चले गए निज ग्राम,
जहाँ तुम्हारे दादी-दादा
करते हैं विश्राम !
उसी गॉंव में रहती जो--
बहुत वृद्ध परदादी,
पाकर यह संवाद आज,
उनका भी हृदय जुड़ाया !
तुम आए, नवजीवन आया !!

मेरी बेटी, तेरी माता ने
सहकर कष्ट अनेक,
तुझको जीवन दिया, रहा फिर
उसे न कोई क्लेश ।
पिता रहे पल-पल के संगी
तन-मन-प्राण लगाया ।
पाकर हुए निहाल तुझे
अन्तर-मन उनका भी हर्षाया ।

दोनों परिवारों पर यह तो--
प्रभु की कृपा हुई है ।
परनाना और परदादा की
आत्मा तृप्त हुई है !
पूर्वज दें आशीष, सभी दें--
तुझको स्नेहिल छाया !
बुद्धि और बल से निखरे फिर
तेरी उज्ज्वल काया !!

तू प्रकाश की प्रथम किरण है,
नव-विहान बन आया !
तुम आए, नवजीवन आया !! ...

[मित्रों ! आज दीपावली है। लेकिन मेरा मन एक वर्ष पूर्व व्यतीत हुई दीपावली की स्मृतियों में खोया-खोया है। पिछली दीपावली (२८-१०-२००८) की शाम ३-४० पर मेरी ज्येष्ठ कन्या ने पुत्र को जन्म दिया था और अचानक मैंने जाना था कि मैं 'नानाजी' बन गया हूँ। अपने दौहित्र को मैंने 'ऋतज' नाम दिया है। 'ऋतज' के जन्म पर मैंने एक (निजी) कविता लिखी थी। आज उसी कविता को आपके सम्मुख रख रहा हूँ, इस आशा से कि आप भी एक वर्ष पहले की मेरी मनस्थितियों और भावनाओं के साझीदार बनकर प्रसन्नता का अनुभव करेंगे। आग्रह है, इस कविता में काव्य-तत्त्व नहीं, केवल भाव देखने की कृपा करें। 'ऋतज' आज एक वर्ष के हो गए हैं, उन्हें पहले जन्मदिन पर आशीष और आप सबों को दीपावली की अशेष शुभकामनाएं ! --आ०]

अप्रतिम अज्ञेय

सहसा निशा हुई...
[दसवीं समापन किस्त]

अज्ञेयजी ने 'हरी घास पर क्षण भर' बैठकर कोमल टहनी से चिडिया के उड़ जाने के बाद उसका थरथराना देखा था, उन्होंने सागर की अनेक मुद्राएँ देखीं थीं और 'एक बूँद के सहसा उछल जाने को' दुलारा था। उन्होंने 'साँप से सभ्य न बन पाने की' शिकायत की थी, उन्होंने 'दोलती कलगी छरहरी बाजरे की' को प्रीति से निहारा था और 'नीरव संकल्प' के साथ उसे शब्दों के सांचे में ढालकर एक अमर चित्र खींच दिया था। उन्होंने 'तनी हुई रस्सी पर ज़िन्दगी को एक छोर-से-दूसरे छोर तक नाचते' देखा था और रस्सी में जरा-सी ढील होने और संतुलन बिगाड़ने की बेफिक्र प्रतीक्षा की थी। ... पर्वत उन्हें पुकारते थे, नदियाँ उन्हें बुलाती थीं, सागर उन्हें आकर्षित करता था--ये सब उनकी काव्य-सर्जना के उपादान बनते हैं। उनका काव्य-फलक इतना विस्तृत और विराट है कि उसका कोई ओर-छोर नहीं मिलता। यह ऐसा यशःशरीर है, जिसका कभी क्षय नहीं होता।
कैवेन्तर्स ईस्ट (न० दि०) के विशाल प्रांगण में एक शानदार कोठी थी, उसी में अज्ञेयजी निवास करने लगे थे। १९८७ में उसी अहाते के एक बड़े वृक्ष की पुख्ता दरख्त पर उन्होंने काष्ठ का खूबसूरत कक्ष बनवाया था। उनका इरादा उसमे दिन का कुछ वक्त बिताने का था। यथासमय इसकी सूचना भी उन्होंने पिताजी को भेजी थी; लेकिन जिस दिन उन्हें काष्ठ-कक्ष में प्रवेश करना था, उसके एक या दो दिन पहले ही काल के क्रूर हाथों ने उन्हें वृक्ष की काष्ठ-कोठारी में जाने न दिया। उस दिन पिताजी अपने हिंदीसेवी मित्र गंगा शरण सिंह के साथ विद्यापीठ की एक सभा का सभापतित्व करने देवघर गए थे। उन्हें वहीँ और मुझे पटना में आकाशवाणी से यह दुखद समाचार मिला कि अचानक हृदयाघात से हिन्दी के शीर्षस्थ कवि-कथाकार अज्ञेय नहीं रहे। उस दिन पिताजी की (और मेरी भी) पीडा पराकाष्ठा पर पहुँची थी। देवघर में पिताजी और पटना में हम सभी शोक-संतप्त तथा मनःपीड़ा में पडे रहे। हिन्दी-जगत में जैसा सहसा निशा की घोर कालिमा व्याप्त हो गई थी। हिन्दी के दिवंगत साहित्यकारों की पंक्ति में अज्ञेयजी भी सम्मिलित हो गए थे। दिन-भर और देर रात तक उन्हीं की काव्य-पंक्तियों का स्मरण होता रहा :

''यह दीप अकेला गर्व भरा है,
प्रीति भरा, मदमाता--
इसको भी पंक्ति में दे दो !''
[समाप्त]

अप्रतिम अज्ञेय

आ पहुँची 'स्मृतिगंधा '...
[नौवीं किस्त]

दिल्ली की तेज़-रफ़्तार और तीखी धूप-भरी ज़िन्दगी से निकलकर हम सपरिवार पटना लौट आए थे। संभवतः १९८६ के अन्तिम दिनों की बात है। एक दिन पिताजी के नाम दिल्ली से एक रजिस्टर्ड पैकेट पटना आया। उसमें अज्ञेयजी की सद्यःप्रकाशित पुस्तक 'स्मृतिगंधा' की एक प्रति थी। पुस्तक के पहले सादे पृष्ठ पर अज्ञेयजी ने कलम से लिखा था--''त्वदीयं वस्तु गोविन्द--अज्ञेय।' और दूसरे पृष्ठ पर मुद्रित पंक्ति थी--''परम प्रिय मित्र पं० प्रफुल्ल चंद्र ओझा 'मुक्त' को, जो जब-तब मुझे भी मेरी याद दिलाते रहे हैं--अज्ञेय।'' अपने संस्मरणों का यह संग्रह अज्ञेयजी ने पिताजी को ही समर्पित किया था। अज्ञेयजी की हस्ताक्षरित प्रति होने के कारण वह मेरे लिए बड़े महत्व की थी और मैं उसे सहेजकर रखना चाहता था। लेकिन स्वयं पढने के लिए पिताजी ने उसे अपने पास रख लिया। प्रायः पन्द्रह दिनों के बाद पूछने पर पिताजी ने कहा था--''भई, रामायण के काम में लगा रहा, अभी पूरी पढ़ नहीं सका हूँ। ख़त्म कर लूँ, तो ले लेना।'' लेकिन कुछ ही दिनों बाद मेरे फिर पूछने और खोजने पर वह पुस्तक पिताजी के सिरहाने और पूरे घर में कहीं नहीं मिली। उसे कोई पुस्तकप्रेमी बिना बताये ही पिताजी के बिस्तर से उठा ले गए थे। मुझे बड़ा क्षोभ हुआ और मैं पिताजी पर दबाव डालने लगा कि वह अज्ञेयजी को लिखें कि वही पंक्ति फिर से लिखकर 'स्मृतिगंधा' की एक प्रति और भेज दें। मेरे हठ से विवश होकर पिताजी ने इसी आशय का एक पत्र अज्ञेयजी को लिख भेजा। कई दिन बीत गए, अज्ञेयजी का कोई उत्तर न आया, न प्रति आयी। तभी एक दिन ज्ञात हुआ कि पटना के अमुक प्रकाशक दिल्ली जानेवाले हैं। मैंने यह बात पिताजी को बतायी और बार-बार उनसे आग्रह करने लगा कि अज्ञेयजी को एक और पत्र लिख दें कि उन्हीं प्रकाशक महोदय के हाथो 'स्मृतिगंधा' कि एक प्रति उपर्युक्त वाक्य लिखकर भेज दें। पिताजी को एक और ख़त लिखना प्रीतिकर तो नहीं लग रहा था; लेकिन मेरी जिद के कारण इसी आशय का एक पत्र उन्होंने पुनः लिखा। सप्ताह भर बाद प्रकाशक महोदय पटना लौट आए, पुस्तक की प्रति नहीं आयी। मैं दुखी हुआ और सोचने लगा कि अब क्या करूँ !
कुछ ही दिन बीते होंगे कि अचानक डाक से स्मृतिगंधा' की प्रति आ पहुँची। साथ में अज्ञेयजी का पत्र भी था। उन्होंने नमस्कारोपरांत लिखा था--''आपका आदेश था कि (अमुक ) ...सज्जन के हाथो 'स्मृतिगंधा' की प्रति भिजवा दूँ। यह तो ऐसा ही हुआ, जैसे बाघ के हाथो किसी को मांस की थाली पहुंचाना चाहना हो। ठीक-ठीक स्मरण नहीं कि पिछली प्रति में क्या लिखा था, अब जो लिखा है, सम्भव है, वही लिखा हो।'' अज्ञेयजी ने ''त्वदीयं वस्तु गोविन्द...' वाली पूरी पंक्ति लिखकर हस्ताक्षर किया था। लंबे समय तक वह प्रति मेरे पास सुरक्षित रही; लेकिन १९९५ में पिताजी के निधन के बाद घर में जो उथल-पुथल हुई, उसमे वह प्रति भी किसी बाघ के हाथो लग ही गई। पुस्तकप्रेमियों की यह पीड़ा अज्ञेयजी खूब पहचानते थे। ...
[शेषांश अगली किस्त में]

गुरुवार, 15 अक्टूबर 2009

अप्रतिम अज्ञेय

बन न सका सम्बन्ध-सेतु...
[आठवीं किस्त]

दिल्ली-प्रवास के दौरान ही मेरे ससुराल-पक्ष के लोगों का परिचय अज्ञेयजी और इलाजी से हुआ था। मेरे श्वसुर पूज्य श्री आर० आर० अवस्थी की प्रथम कन्या मेरी भार्या बनीं। वह कभी अपने पिता के साथ, कभी अपनी बहनों के साथ मायके जाया करती थीं। जैसा पहले ही उल्लेख कर चुका हूँ, म० प्र० की यात्रा के लिए रात्रि-विश्राम अज्ञेयजी के घर होता था और सुबह-सबेरे हज़रात निजामुद्दीन स्टेशन पर मैं अपनी गृह-लक्ष्मी को उनके परिवार-जनों के साथ झाँसी केलिए विदा कर आता; इलाजी-अज्ञेयजी अनिवार्य रूप से साथ होते । 'देखकर छोड़ देने' के (सी-ऑफ़ करने) ऐसे ही एक मौके पर हमारे साथ सामन कुछ ज्यादा था, अज्ञेयजी ने एक बैग स्वयं उठा लिया। मेरी श्रीमतीजी और 'क़ानून की नज़र में मेरी बहन' अर्चनाजी परेशान होने होने लगीं और कहने लगीं--'आप बैग छोड़ दें, हम कुली ले लेते हैं।' अज्ञेयजी ने शांत स्वर में कहा--'कुली भी इसे उठाएगा ही। फिर ये तो भारी है नहीं।' हम निरुत्तर हो गए।...
मेरे श्वसुरजी इंटर कॉलेज के प्राचार्य थे। कार्यालयीय व्यस्तताओं के कारण वह प्रायः अपनी द्वितीय कन्या अर्चना अवस्थी अथवा तृतीय कन्या वंदना अवस्थी (अब 'दुबे' भी) को दिल्ली भेज देते, मेरी श्रीमतीजी को विदा कराने के लिए। इलाजी और अज्ञेयजी उन्हें भी यथेष्ट स्नेह देते और रात का भोजन आग्रहपूर्वक कराते। इलाजी एक-से-एक व्यंजन बनवातीं और उन्हें बनाने का विधि-विधान मेरी पत्नी को समझातीं। एक रात उन्होंने एक संपूर्ण फूलगोभी छुरी-कांटे के साथ टेबल पर रखी। मेरी श्रीमतीजी ने आश्चर्य से पूछा--'यह पूरी फूलगोभी क्या बनी हुई सब्जी है?' इलाजी ने बताया की इसे किस तरह वाष्प से पकाया गया है और इसे स्वादिष्ट बनाने के लिए क्या-कुछ ऊपर से डाला-छिड़का गया है। इस वार्तालाप में अज्ञेयजी की टिप्पणियां अलग महत्त्व की थीं। छुरी से काटकर सबों ने उसी गोभी की सब्जी के साथ रोटियाँ खाई थीं । उस सब्जी के स्वाद के क्या कहने ! अज्ञेयजी की वह पसंद की सब्जी थी और उसे बनाने का विधि-विधान भी उन्हीं का निर्धारित किया हुआ था।
कुछ मुलाकातों में ही अर्चनाजी ने अज्ञेयजी-इलाजी की प्रीती और स्नेह प्राप्त कर लिया था। तब अर्चनाजी ने स्नातकोत्तर की परीक्षा पास की थी और अनुबंध पर आकाशवाणी, छतरपुर (म० प्र०) से सम्बद्ध थीं। एक दिन अकस्मात, अज्ञेयजी ने इलाजी की उपस्थिति में पिताजी के सम्मुख अर्चना के विवाह के लिए अपने भतीजे का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव से सभी प्रसन्न-मन हुए। अज्ञेयजी के भ्रात्रिज गोरे-चिट्टे सुदर्शन युवा थे। पिताजी ने अवस्थीजी को इस प्रस्ताव की सूचना दी और लिखा कि बिटिया के साथ शीघ्र ही दिल्ली आ जायें। अवस्थीजी अर्चनाजी के साथ दिल्ली आए। लड़की दिखाने और लड़के को देखने तथा वार्ताओं का दौर चला। फिर अवस्थीजी घर-परिवार की सहमति की बात कहकर अर्चनाजी के साथ वापस लौट गए। ... अपरिहार्य कारणों से वह सम्बन्ध हो न सका। पिताजी को इसका थोड़ा मलाल ज़रूर रहा, लेकिन अज्ञेयजी से हमारे संबंधों में कोई अन्तर न पड़ा। सच है, दैव-योग न हो तो सम्बन्ध नहीं हो पाते ! वह सम्बन्ध- सेतु बनते-बनते रह गया... हम ने यही मान कर संतोष कर लिया कि यह होना नहीं था !...
[क्रमशः ]

सोमवार, 12 अक्टूबर 2009

अप्रतिम अज्ञेय

एक अम्बेसेडर रुकी, उससे उतरे अज्ञेय
[सातवीं किस्त]

राजकमल से अज्ञेयजी के सम्बन्ध सुमधुर नहीं थे। उन्होंने अपनी पुस्तकें भी वहां से हटा ली थीं। उनका वहां आना-जाना भी बहुत दिनों . से नहीं हुआ था। राजकमल प्रकाशन का मुख्य द्वार शीशे का था और प्रबंध निदेशिका का कक्ष भी लकडी की सुंदर नक्काशीदार जाली का था, जिससे पूरा दफ्तर और दरियागंज की मुख्य सड़क दीखती थी। शीलाजी के कक्ष के ठीक बाहर एक बड़ी-सी मेज़ पर मैं काम करता था। दफ्तर के अधिकांश कर्मचारी इसी बड़े-से हॉल में बैठते थे। एक दिन मैं अपनी सीट पर बैठा किसी पाण्डुलिपि से आँखें फोड़ रहा था कि कानों में बहुत धीमी आवाज़ पड़ी--"अज्ञेयजी हैं शायद !" मैंने तत्काल सड़क कीओर देखा। मेरी दृष्टि .एक सफ़ेद अम्बेसेडर कार पर पड़ी, जो राजकमल के द्वार पर आ खड़ी हुई थी। में उधर से दृष्टि हटा पाटा, इससे पहले देखा--कार का पिछला दरवाज़ा खुला और उससे उतरे अज्ञेय ! वह संयत भाव से आगे बढे। उन्होंने शीशे का द्वार खोला और राजकमल में प्रविष्ट हुए। मैंने सोचा, वह शीलाजी से मिलने आए हैं; लेकिन मेरे सहकर्मियों के चहरे पर विस्मय के भाव थे। मैं कुछ समझ सकूँ या संभल पाऊं अथवा अपनी कुर्सी से उठकर अज्ञेयजी की अगवानी के लिए आगे बढ़ पाऊं, वह तो ठीक मेरी मेज़ के सामने आ खड़े हुए। मैं घबराकर कुर्सी से उठा और आगे बढ़कर उनके चरण छुए। वहीँ खड़े-खड़े उन्होंने मुझसे कहा--"मुझे आपका दो मिनट का वक्त चाहिए। क्या आप व्यस्त हैं ?" मेरे इनकार करने पर उन्होंने फिर पूछा-"आप मेरी कार तक साथ चल सकेंगे ?" मैंने हामी भरी और उनके साथ हो लिया। राजकमल में बड़े-से हॉल में मैंने कनखियों से देखा--पूरा दफ्तर स्तब्ध खड़ा था और आश्चर्य से अज्ञेयजी को और मुझे देख रहा था। में एक पुलकित भाव से उनके साथ राजकमल से बाहर निकला। कार के पास पहुंचकर अज्ञेयजी ने प्रूफ़ और रचनाओ का एक पुलिंदा निकाला और मेरी ओर बढाते हुए बोले--"इसे मुक्तजी को दे दीजियेगा। मैं इधर से गुजर रहा था, इसलिए सोचा आपको देता चलूँ; अन्यथा शाम को आपको बुलाना पड़ता और घर पहुँचने में आपको आज भी विलंब हो जाता।"
मुझे कागजों का पुलिंदा देकर अज्ञेयजी तो चले गए; लेकिन में उनकी सज्जनता,सद्भाव और महत्ता को नतग्रीव हो नमन करता रहा। ठीकरे को भी महत्व देना कोई अज्ञेयजी से सीखे। ...

१९८२ में मैंने नौकरी-जैसे प्रतिभानाशी व्यापार से सदा के लिए छुट्टी पाई और पटना चला आया पिताजी तो एक वर्ष पहले ही पटना आ गए थे। अब दूरियाँ बढ़ गई थीं और अज्ञेयजी से प्रायः प्रतिदिन का संपर्क छूट गया था; लेकिन बाद के वर्षों में भी वह जब कभी पटना आए, पिताजी से मिलने मेरे घर पधारे । 'वत्सल निधि' की ओर से आयोजित 'जानकी जीवन यात्रा ' के दौरान भी वह इलाजी के साथ पटना आए थे और दिन भर पिताजी के साथ रहे थे।

लेकिन पटना लौट आने के बाद की कथा शुरू करूँ , उसके पहले एक अवांतर कथा भी कह लूँ !...

l[क्रमशः]